रीयल एस्टेट प्रोफेशनल के तौर पर मेरी विचारधारा
मैं एक रीयल एस्टेट कंसल्टेंट हूं और मुझे अपने व्यवसाय पर बहुत गर्व है। हर किसी को होना चाहिए अपने व्यवसाय पर गर्व। जिस कार्य से किसी का जीवन यापन हो रहा है वह हर कार्य चाहे छोटा हो या बड़ा, वह गर्व करने ही योग्य होता है। फिर जब बात ऐसे व्यवसाय की हो जिससे जुड़े लोगों का जीवन यापन ही नही अपितु आम जन के सपने पूरे होते हों, निःसंदेह वह कार्य गर्व करने योग्य ही नहीं होता बल्कि पुनीत कार्य बन जाता है।
जिस प्रकार एक चिकित्सक किसी बीमार की चिकित्सा करता है, एक वकील किसी को कानूनी सलाह देता है, उसी प्रकार अन्य कई सेवा क्षेत्र हैं जहां उस क्षेत्र के विशेषज्ञ आमजन को अपनी सेवाएं देकर उनके जीवन को आसान बनाते हैं। ठीक उसी प्रकार एक रीयल एस्टेट एजेंट/कंसल्टेंट अपने क्षेत्र की विशेषज्ञता के अनुरूप आमजन को अपनी सेवाएं उपलब्ध कराता है और जीवन के एक अति महत्वपूर्ण सपने को पूरा करने में सहयोग करता है, उस राह में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करता है।
एक रीयल एस्टेट कंसल्टेंट के तौर पर मुझे एक बात और गर्वांवित करती है कि प्रॉपर्टी क्षेत्र के विशेषज्ञ के तौर पर न ही मुझे लोगों के सपनों को पूरा करने का मौका मिलता है अपितु एक तरह से लोगों का घर बसाने का पुनीत कार्य करने जैसा अनुभव भी होता है। किसी ग्राहक के द्वारा उसके सपनों के घर को अपना बना लेने का सपना पूर्ण होने पर उसके चेहरे पर जो मुस्कान दिखती है वह किसी पुनीत कार्य के पूर्ण होने का ही अहसास उत्पन्न कराती है।
प्रॉपर्टी एक ऐसा विषय है जो सिर्फ धन या मुद्रा से ही संबंधित नहीं है, अपितु यह लोगों की भावनाओं से, उनके जीवन के सपनों से, उनके पारिवारिक सुरक्षा से, उनके पारिवारिक आत्मनिर्भरता से, उनके जीवन की सहूलियतों से, उनके आय के नवस्रोतों से, उनके धन के सदुपयोग से, उनके भविष्य की योजनाओं से जुड़ा विषय है जो इसको सिर्फ महत्वपूर्ण ही नही बनाता बल्कि इसे संवेदनशील बना देता है। एक जिम्मेदार रीयल एस्टेट एजेंट के तौर पर हमें इस संवेदनशील विषय को पूरी संवेदना से देखना चाहिए।
एक जिम्मेदार रीयल एस्टेट एजेंट/कंसल्टेंट के तौर पर हमारी जिम्मेदारी सिर्फ किसी को प्रॉपर्टी दिला देने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उसकी वास्तविक जरूरतों को समझना, उसकी आर्थिक स्थिति का सही आकलन कर उचित सलाह देना, सही मूल्य में सही प्रॉपर्टी दिलाना एवं प्रॉपर्टी खरीद तक की संपूर्ण प्रक्रिया में हर कदम ग्राहक का सहयोग करना भी हमारी मूल जिम्मेदारियों में से एक है।
निःसंदेह हर व्यवसायिक क्षेत्र की तरह रीयल एस्टेट व्यवसाय में भी कुछ गैजिम्मेदार, असंवेदनशील और अनप्रोफेशनल टाइप के लोग इसे रातों रात धन कमाने का स्रोत मान इसमें घुस जाते हैं और घुसे हुए भी है, जो न ही ग्राहकों का नुकसान करते हैं अपितु इस क्षेत्र की पवित्रता का भी हनन करते हैं। इस टाइप के लोगों को न तो इस क्षेत्र का गहरा ज्ञान होता है और न ही वह इससे जुड़े प्रोटोकॉल के प्रति ईमानदार होते हैं। दरअसल ऐसे बहुधंधी टाइप लोग किसी ग्राहक के प्रति न तो जवाबदेह होते हैं, न ही व्यवसाय के प्रति ईमानदार होते हैं। कमोबेश यह स्थिति हर क्षेत्र, हर व्यवसाय में है।
आपको जरूरत बस इतनी है कि आप सही चुनाव करें। चुनाव सही कंसल्टेंट की, सही दिशा में सही कदम बढ़ाने के लिए। जिस प्रकार अपना इलाज करवाने के लिए आप एक अच्छे चिकित्सक की तलाश कर उसके पास जाते हैं, क्योंकि उसे चिकित्सा एवं रोग की समझ अच्छी है। उसी प्रकार जब कोई आमजन जीवन में प्रॉपर्टी खरीदने जैसा महत्वपूर्ण फैसला करता है तो उसे भी एक अच्छे प्रोफेशनल रीयल एस्टेट एजेंट/कंसल्टेंट तक पहुंचना चाहिए और उसकी विशेषज्ञता का लाभ लेते हुए सही दिशा में सही कदम बढ़ाना चाहिए। किसी अनप्रोफेशन की सेवा लेने से कतई बचना चाहिए, चाहे वह मुफ्त में अपनी सेवा दे रहा हो। क्योंकि वह दीर्घकालिक अवधि में आपके लिए नुकसानदेह फैसला साबित हो सकता है।
आखिर में एक बात और अपने ग्राहकों से निवेदन करना चाहूंगा। प्रॉपर्टी खरीद एक महत्वपूर्ण फैसला है, जो कई बिंदुओं को समायोजित रखता है। ऐसे में किसी दोस्त की सलाह, किसी पड़ोसी के मार्गदर्शन अथवा किसी रिश्तेदार के ज्ञान से बचें और किसी प्रॉपर्टी प्रोफेशनल की सेवा लें जिसे प्रॉपर्टी क्षेत्र की समझ हो, जिसे संपूर्ण प्रक्रिया का ज्ञान हो। कई बार आपका छोटा सा नासमझी भरा कदम आपको बड़ी परेशानी में डालता है, वहीं अगर आप क्षेत्र विशेषज्ञ की सलाह लेते हैं तो दीर्घकालिक अवधि में इसके फायदे आपको स्वतः समझ आएंगे।
मेरी शुभकामनाएं सदैव मेरे सभी ग्राहकों के साथ हैं। आप सही दिशा में बढ़ें और अपने सपनों को पूरा कर पारिवारिक खुशियो का आनंद लें।
इन्हीं कामनाओं के साथ
©रोहित कुमार
(कृपया अपने विचारों से मुझे अवश्य अवगत कराएं)
Incredible👏 I liked ur article.The view you have expressed regarding real estate true and I agree with you.Keep it up👍
ReplyDelete